Tuesday, March 3, 2026
Homeभारतउड़ान योजना की 9वीं वर्षगांठ: आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा का...

उड़ान योजना की 9वीं वर्षगांठ: आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा का नया युग

नई दिल्ली! नागर विमानन सचिव श्री समीर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना की 9वीं वर्षगांठ का जश्न मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के अध्यक्ष, सदस्यगण और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नागर विमानन सचिव ने अपने संबोधन में बताया कि 21 अक्टूबर 2016 को राष्ट्रीय नागर विमानन नीति के तहत शुरू हुई उड़ान योजना आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा को सुलभ और किफायती बनाने में एक परिवर्तनकारी पहल रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 27 अप्रैल 2017 को शिमला और दिल्ली के बीच उद्घाटित पहली उड़ान ने क्षेत्रीय विमानन संपर्कता में नया युग शुरू किया। योजना के अंतर्गत 15 हेलीपोर्ट और 2 जल हवाई अड्डों सहित 93 अप्रयुक्त और अल्प प्रयुक्त हवाई अड्डों को जोड़ने वाले 649 मार्गों का संचालन शुरू किया गया है, जिससे 3.23 लाख उड़ान उड़ानों के माध्यम से 1.56 करोड़ से अधिक यात्रियों को लाभ हुआ है। सरकार ने एयरलाइन ऑपरेटरों और क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे को समर्थन देने के लिए व्यवहार्यता गैप निधि (वीजीएफ) के रूप में 4,300 करोड़ रुपये और आरसीएस के तहत हवाई अड्डे के विकास में 4,638 करोड़ रुपये का निवेश किया है। हाल ही में अगस्त 2024 में सीप्लेन संचालन के लिए व्यापक दिशानिर्देश जारी करना और सीप्लेन व हेलीकॉप्टरों के लिए विशेष बोली चरण उड़ान 5.5 का शुभारंभ इस योजना के विस्तार को दर्शाता है। इस चरण में विभिन्न तटीय और द्वीपीय क्षेत्रों में 30 जल हवाई अड्डों को जोड़ने वाले 150 मार्गों के लिए आशय पत्र जारी किए गए हैं। नागर विमानन सचिव ने अप्रैल 2027 के बाद भी पर्वतीय, उत्तर-पूर्वी और आकांक्षी क्षेत्रों में लगभग 120 नए गंतव्यों के विकास के साथ इस योजना को जारी रखने के मंत्रालय की प्रतिबद्धता दोहराई। उड़ान योजना केवल एक योजना नहीं बल्कि भारत की इस प्रतिबद्धता का प्रतीक है कि हवाई यात्रा को समावेशी, सतत और हमारी विकास यात्रा का अभिन्न अंग बनाया जाए।

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments