मुंगेली, छत्तीसगढ़: जिले में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेतृत्व में चल रहा जनआंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। जिले के मंगेली क्षेत्र में पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी पिछले दो महीने से अधिक समय से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, जो अब आमरण अनशन में बदल चुका है। 17 जनवरी 2026 से शुरू हुआ यह आंदोलन 16 फरवरी से भूख हड़ताल में परिवर्तित हुआ था और अब 28 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन के रूप में जारी है, जिससे प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।
इस आंदोलन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष सुश्री राधिका छेंदईया कर रही हैं, जिनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण लगातार धरना स्थल पर डटे हुए हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक मांग नहीं, बल्कि गोंड समाज के अस्तित्व, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है।
इनका प्रमुख मांग यह है कि ग्राम पंचायत अमोरा के पेनठाना क्षेत्र की खसरा नंबर 112/1 की भूमि से अतिक्रमण हटाकर गोंड समाज को सौंपने की है। उनका कहना है कि इस भूमि पर समाज के लिए मंगल भवन, गोंडवाना भवन एवं अन्य सामुदायिक संरचनाएं बनाई जाएंगी, जिससे सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने अपनी अन्य संवैधानिक मांगों को भी जल्द पूरा करने की मांग प्रशासन से की है।
धरना स्थल पर लगातार “हमारी मांगे पूरी करो”, “प्रशासन नींद से जागो”, “जय सेवा, जय गोंडवाना, जय संविधान” जैसे नारों से माहौल गूंज रहा है। आंदोलन कर रहे लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाया है कि वे उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिसके चलते उन्हें यह कठोर कदम उठाना पड़ा है।
इसमें पार्टी के साथ-साथ कई सहयोगी संगठन भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिनमें मातृशक्ति प्रकोष्ठ, सामान्य प्रकोष्ठ, भीम आर्मी, भीम रेजीमेंट और SC ST OBC संयुक्त संगठन प्रमुख रूप से शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है और कहा है कि यह लड़ाई समाज के हक और अधिकारों की है, जिसमें सभी का साथ जरूरी है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है, जिससे आंदोलन और भी उग्र होने की संभावना जताई जा रही है। आमरण अनशन पर बैठे कार्यकर्ताओं की सेहत को लेकर भी चिंता बढ़ने लगी है, लेकिन आंदोलनकारी अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं।

