कोरिया बैकुंठपुर। जिला प्रशासन कोरिया की पहल पर जिला मुख्यालय स्थित रामानुज मिनी स्टेडियम में आगामी 17, 18 एवं 19 फरवरी को तीन दिवसीय भव्य “कोरिया महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन को यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
यह सांस्कृतिक आयोजन न केवल कोरिया जिले बल्कि पूरे प्रदेश की लोककला, सांस्कृतिक विरासत और मंचीय प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में कुल 17 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 170 से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा, कला कौशल और सांस्कृतिक पहचान को विशेष रूप से सामने लाया जाएगा।
प्राचीन काल से ही कला, साहित्य और सांस्कृतिक समरसता की समृद्ध परंपरा के लिए पहचाने जाने वाले कोरिया जिले की सांस्कृतिक विविधता इस महोत्सव में जीवंत रूप में दिखाई देगी। आयोजन के दौरान सुआ नृत्य, कर्मा, पंथी, शैला, गेड़ी नृत्य, भरथरी, पंडवानी, कथक, ओडिसी, सूफी गायन, फ्यूजन वोकल, बांसुरी वादन और सैक्सोफोन वादन जैसी लोक व शास्त्रीय प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। लोककला, नृत्य और संगीत की पारंपरिक विधाओं के साथ आधुनिक प्रस्तुतियों का अनूठा संगम इस महोत्सव को विशेष बनाएगा। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजे इस आयोजन को लेकर आमजन में भी उत्साह देखा जा रहा है।

