एमसीबी। छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग के आदेशानुसार भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में 30 जनवरी 2026 को शहीद दिवस के अवसर पर पूर्वान्ह 11.00 बजे दो मिनट का मौन धारण किया जाएगा। उक्त आयोजन को गरिमामय एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने हेतु जिले के समस्त कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक उपक्रमों एवं संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार मौन अवधि के दौरान सभी शासकीय एवं गैर शासकीय गतिविधियाँ पूर्णतः स्थगित रहेंगी। जहां सायरन की व्यवस्था उपलब्ध है वहां प्रात:10.59 बजे से 11.00 बजे तक सायरन बजाकर मौन की शुरुआत तथा पूर्वान्ह 11.02 बजे से 11.03 बजे तक क्लीयर सायरन बजाकर मौन की समाप्ति की सूचना दी जाएगी। सायरन अथवा संकेत मिलते ही सभी नागरिकों को खड़े होकर श्रद्धापूर्वक मौन धारण करना होगा। जिन स्थानों पर सायरन की सुविधा उपलब्ध नहीं है वहां पूर्वान्ह 11.00 बजे दो मिनट का मौन सुनिश्चित कराने के लिए पूर्व से ही समुचित व्यवस्था एवं सूचना जारी की जाएगी।
पूर्व में सामने आई औपचारिकता को दृष्टिगत रखते हुए इस वर्ष शहीद दिवस को पूर्ण गंभीरता, अनुशासन एवं जनसहभागिता के साथ मनाने के निर्देश समस्त जिले को दिए गए हैं। इसके अंतर्गत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता जैसे विषयों पर हाइब्रिड एवं ऑनलाइन माध्यम से व्याख्यान, संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि शहीदों के त्याग का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुँच सके ।

