एमसीबी, छत्तीसगढ़। महात्मा गांधी की पुण्य तिथि 30 जनवरी 2026 के अवसर पर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जनसामान्य से नशामुक्ति के पक्ष में संकल्प एवं शपथ-पत्र पर हस्ताक्षर कराकर व्यसन मुक्ति हेतु सकारात्मक वातावरण निर्मित किया जाएगा।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के सहयोग से एमसीबी जिले की नशामुक्त भारत अभियान की कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा। जिले के स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नशा मुक्ति विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनकी संक्षिप्त जानकारी फोटोग्राफ सहित एनएमबीए मोबाइल एप में अपलोड की जाएगी। भारत माता वाहिनी एवं समुदाय के सहयोग से एमसीबी जिले में वृहद रैली निकालकर नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशापान से होने वाले दुष्परिणामों पर केन्द्रित व्याख्यान, चित्रकला, गीत, नृत्य एवं नाटक प्रतियोगिताओं के साथ मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों पर नशा मुक्ति पर आधारित प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा जागरूकता साहित्य का वितरण भी किया जाएगा। साथ ही विषय विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान, नशापान के दुष्परिणामों पर प्रश्नोत्तरी तथा योगाचार्यों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास का प्रदर्शन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह से नशापान नहीं करने संबंधी संकल्प एवं शपथ-पत्र में हस्ताक्षर कराए जाएंगे। संकल्प एवं शपथ-पत्र की प्रतियां जिला स्तर पर संधारित कर संक्षिप्त प्रतिवेदन समाज कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़ को प्रेषित किया जाएगा।
इस अवसर पर नागरिकों को यह संदेश दिया जाएगा कि नशापान से मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है, कार्यक्षमता घटती है, पारिवारिक सुख-शांति एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को क्षति पहुँचती है तथा पर्यावरण भी प्रभावित होता है। नशामुक्त एमसीबी जिला बनाने के संकल्प के साथ सभी नागरिकों से आजीवन नशामुक्त रहने और समाज को भी इस दिशा में प्रेरित करने का आह्वान किया जाएगा।

