एमसीबी, छत्तीसगढ़। जिले के मनेंद्रगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बौरीडांड में आयोजित ऑडिट ग्राम सभा एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल के रूप में सामने आई। कलेक्टर के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी एमसीबी के मार्गदर्शन में आयोजित इस ग्राम सभा के दौरान स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम में खेलकूद एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वच्छता, साफ-सफाई, व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों पर रोचक ढंग से जानकारी दी गई। इस अभिनव प्रयास से बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।
ग्राम सभा में सरपंच निविष लकड़ा, सचिव बबन, रोजगार सहायक दल प्रताप, पंचगण, स्वच्छताग्राही, स्वच्छ भारत मिशन से श्रीमती प्रभा प्यासी एवं भारती देवांगन सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छ गांव, स्वस्थ जीवन और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को अपनाने का संकल्प लिया यह कार्यक्रम ग्राम स्तर पर प्रशासन और समुदाय के बीच मजबूत समन्वय का उदाहरण बना, जिसने यह संदेश दिया कि जनभागीदारी से ही स्वच्छता और विकास के लक्ष्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया जा सकता है।

