एमसीबी, छत्तीसगढ़। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डी. राहुल वेंकट के निर्देशानुसार और महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी आर.के. खाती ने मार्गदर्शन में आज बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना एवं लिंग आधारित हिंसा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य, नवा बिहान, सखी वन स्टॉप सेंटर और सेवा प्रदाता टीम द्वारा संयुक्त रूप से पंपलेट वितरण कर महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित ग्रामीणों को सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाएं, महिला हेल्पलाइन 181, बाल हेल्पलाइन 1098, पीएमवीवाई नोनी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, सुकन्या समृद्धि योजना सहित महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित कई प्रमुख योजनाओं की जानकारी विस्तार पूर्वक समझाई गई। साथ ही पॉक्सो एक्ट, पोश एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम अधिनियम तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की अन्य सुरक्षा-समर्थन नीतियों के बारे में बच्चों को सरल भाषा में जागरूक किया गया। अधिकारियों एवं टीम सदस्यों ने बताया कि सरकार द्वारा संचालित इन सभी योजनाओं का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, समान अवसर और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 181 महिला हेल्पलाइन और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन तत्काल सहायता प्रदान करती हैं, जिससे बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा मजबूत होती है। जागरूकता अभियान में उपस्थित शिक्षकों ने टीम के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों में सुरक्षा, अधिकारों और संवेदनशीलता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देती है। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम को आवश्यक और प्रभावी बताते हुए भविष्य में ऐसे अभियान अधिक से अधिक चलाने की मांग की। विद्यालय परिसर में आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम छात्र-छात्राओं में कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सुरक्षा तंत्र के प्रति विश्वास व समझ विकसित करने में अत्यंत सफल रहा।

