बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की राष्ट्रीय कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष व विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम और अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, राष्ट्रीय अधिवेशन और विभिन्न राज्य सरकारों की नीतियों के विरोध में आंदोलन की व्यापक रणनीति पर विस्तार से चर्चा कर अहम निर्णय लिए गए। इस बैठक को पार्टी के संगठनात्मक पुनर्संरचना और जनआधार मजबूत करने की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है।
बैठक में विशेष रूप से छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में संगठन को गांव-गांव और मतदान केंद्र स्तर तक सक्रिय रूप से विस्तार देने के लिए “गांव चलो अभियान” के अंतर्गत व्यापक सदस्यता अभियान चलाने की कार्ययोजना तैयार की गई। पार्टी का स्पष्ट लक्ष्य है कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत कर सामाजिक, राजनीतिक और जन मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाई जाए। इसके लिए सदस्यता अभियान को तीन स्तरों पर संचालित करने का निर्णय लिया गया है। प्रथम स्तर पर प्राथमिक सदस्य बनाए जाएंगे, जिसके लिए राष्ट्रीय, प्रांतीय और जिला स्तर के पदाधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। सदस्यता अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले जिला स्तर के पदाधिकारियों के विरुद्ध संगठनात्मक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया है। अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जिला और ब्लॉक स्तर तक निर्देश भेजे जाएंगे ताकि निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें।
बैठक में यह भी तय किया गया कि “गांव चलो अभियान” को केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर जमीनी संपर्क का सशक्त माध्यम बनाया जाएगा। इसके तहत राष्ट्रीय और प्रांतीय पदाधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र के जिलों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और प्रत्येक जिले में लगभग पांच-पांच गांवों का दौरा करेंगे। इन दौरों के दौरान दिन में बैठकें आयोजित की जाएंगी तथा संबंधित पदाधिकारी रात्रि विश्राम भी गांवों में ही करेंगे, जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित हो सके। जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष को गांव स्तर पर बैठकों की तैयारी और आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही यह भी तय किया गया है कि प्रत्येक जिले में सप्ताह में कम से कम पांच गांवों का नियमित दौरा कर संगठन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
सदस्यता अभियान को लक्ष्य आधारित बनाने के लिए मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रदेश स्तर पर सदस्य संख्या के स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष जिला अध्यक्षों को अलग-अलग लक्ष्य सौंपेंगे और उनकी नियमित समीक्षा करेंगे। पार्टी का मानना है कि मजबूत सदस्यता आधार ही भविष्य में राजनीतिक प्रभाव को सुनिश्चित करेगा।
बैठक में संगठनात्मक विस्तार के साथ-साथ राजनीतिक रणनीति पर भी व्यापक चर्चा हुई। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की राज्य सरकारों तथा केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया है। पार्टी प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर धरना, प्रदर्शन और जनआंदोलन आयोजित करेगी। इन आंदोलनों के माध्यम से जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और सरकारों पर दबाव बनाने की रणनीति तैयार की गई है।
इसके अतिरिक्त मई माह में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया। इस अधिवेशन में देशभर से प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जहां संगठन की आगामी रणनीति, राजनीतिक दिशा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक मंथन होगा।
बिलासपुर में संपन्न यह बैठक गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के लिए आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने वाली अहम कड़ी साबित हुई है। पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि वह संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करते हुए जन मुद्दों को लेकर सक्रिय राजनीतिक भूमिका निभाएगी और आने वाले समय में व्यापक जनसंपर्क व आंदोलनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।

