एमसीबी, छत्तीसगढ़! जिले के चिरमिरी नगर पालिका में कांग्रेस ने सड़कों की बदहाली के खिलाफ अनोखा और प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता खुद फावड़ा और तगाड़ी लेकर मुख्य मार्गों पर उतरे और गड्ढों को भरने का काम शुरू किया। श्रमदान की इस मुहिम में जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर का भी उपयोग किया गया। इस दौरान कांग्रेसियों ने “सड़कों के गड्ढों को हम भरेंगे” का नारा लगाकर लोगों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया। श्रीवास्तव ने कहा कि लंबे समय से चिरमिरी की सड़कों की मरम्मत नहीं की गई, जिससे जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने निगम प्रशासन और सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद न तो पेच रिपेयरिंग का काम शुरू हुआ और न ही नई सड़क बनाई गई। निगम की ओर से फंड की कमी का हवाला दिया जा रहा है ।जबकि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बार-बार कहते हैं कि पैसों की कोई कमी नहीं है। श्रीवास्तव ने तंज कसते हुए कहा कि मंत्रीजी तो पैसों की नदी बहाने की बात करते हैं, लेकिन वह नदी आखिर किस ओर मुड़ रही है, यह समझ से परे है। वास्तविकता यह है कि मंत्री के ही विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की हालत सबसे ज्यादा खराब है और इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। कांग्रेसियों ने हल्दीबाड़ी से जिला चिकित्सालय बड़ा बाजार मार्ग और हल्दीबाड़ी से डोमनहिल मार्ग के गड्ढों को भी श्रमदान से भरा। उनका कहना है कि यह केवल गड्ढे भरने का काम नहीं, बल्कि सरकार को जगाने की कोशिश है। यदि सरकार समय रहते सड़क मरम्मत और निर्माण के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध कराती है तो आम जनता को राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं पर भी रोक लगेगी। कांग्रेस ने साफ कहा कि खराब सड़कों से आम नागरिक परेशान हैं और अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह तुरंत ठोस कदम उठाए।

