Saturday, March 7, 2026
Homeराजनीतिजनसमस्याओं के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च: दूषित...

जनसमस्याओं के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च: दूषित पानी, बिजली संकट और बेरोजगारी को लेकर उबाल, सांसद ज्योत्सना महंत रहीं मौजूद

एमसीबी/ जिले में गहराते जनसंकट और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस ने आज सड़कों पर उतरकर शक्ति प्रदर्शन किया। दूषित पेयजल से फैलती बीमारियां, लगातार बिजली कटौती, बढ़ती बेरोजगारी और गरीबों के विस्थापन जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस जनआंदोलन में कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत की मौजूदगी ने प्रदर्शन को और धार दे दी।सुबह 10 बजे से ही कांग्रेस कार्यालय और तय स्थानों पर कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया था। जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, नारेबाजी तेज होती चली गई। सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर हाथों में तख्तियां लिए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े, जहां प्रशासन के खिलाफ आक्रोश साफ झलक रहा था।

शहर में दिखा कांग्रेस का जनउभार

आमसभा और कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान पूरे इलाके में कांग्रेस का व्यापक जनआंदोलन देखने को मिला। “भाजपा सरकार होश में आओ”, “जनता का हक वापस दो”, “गरीबों पर जुल्म बंद करो” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। आंदोलन में आम नागरिकों, महिलाओं और युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने सरकार के खिलाफ असंतोष को उजागर किया।

भाजपा शासन में आमजन त्रस्त : ज्योत्सना महंत

आमसभा को संबोधित करते हुए सांसद ज्योत्सना महंत ने भाजपा सरकार और जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा शासन में गरीब, मजदूर और किसान सबसे ज्यादा पीड़ित हैं। अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों के घर उजाड़े जा रहे हैं, लोगों को पीने के लिए शुद्ध पानी तक नसीब नहीं हो रहा और बिजली कटौती ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सांसद ने मनरेगा को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूरों से जानबूझकर उनका रोजगार छीना जा रहा है।

कांग्रेस अब आर-पार की लड़ाई लड़ेगी

सांसद ज्योत्सना महंत ने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों के लिए अब किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाली नहीं है। यदि हालात नहीं सुधरे, तो आंदोलन और तेज होगा। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में प्रशासनिक संवेदनशीलता पूरी तरह खत्म हो चुकी है। अधिकारी जनता की समस्याओं से मुंह मोड़े बैठे हैं। उन्होंने साफ कहा कि यदि यही रवैया जारी रहा, तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।

आंदोलन की यह सिर्फ शुरुआत : गुलाब कमरो

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ एक शुरुआत है। जब तक किसान, मजदूर, युवा और गरीबों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस का संघर्ष और व्यापक रूप लेता रहेगा।

बेरोजगारी और पानी संकट पर सरकार को घेरा

एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने युवाओं की बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित घोटालों को लेकर सरकार पर हमला बोला। इसके साथ ही विधायक प्रत्याशी रमेश सिंह ने दूषित पेयजल से हो रही बीमारियों और मौतों को प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा बताते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया। वहीं शहर ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि अब जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी समाधान चाहिए।

महिलाओं और युवाओं की भागीदारी ने बढ़ाई ताकत

घेराव के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं की मौजूदगी ने आंदोलन को नई ऊर्जा दी। महिलाओं ने पानी, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर प्रशासन की उदासीनता पर जमकर नाराजगी जताई। अंत में जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही दूषित पेयजल, बिजली संकट, रोजगार और गरीबों के विस्थापन जैसी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह शासन-प्रशासन की होगी।

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments