Thursday, April 16, 2026
Homeराज्यअपर कलेक्टर ने आमजनों की समस्याएँ सुनीं, 23 आवेदनों पर त्वरित निराकरण...

अपर कलेक्टर ने आमजनों की समस्याएँ सुनीं, 23 आवेदनों पर त्वरित निराकरण के निर्देश

एमसीबी, छत्तीसगढ़। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशन में कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम में अपर कलेक्टर नम्रता डोंगरे ने जिले के ग्रामीण एवं शहरी अंचलों से आए नागरिकों की समस्याएँ गंभीरता, संवेदनशीलता और धैर्य के साथ सुनीं। जनदर्शन के दौरान आम नागरिकों ने अपनी छोटी-बड़ी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याएँ सीधे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कीं।

अपर कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक भटकाव से राहत मिल सके और शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास सुदृढ़ हो। इस जनदर्शन में कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए।

प्राप्त प्रमुख आवेदनों में छात्र दुर्घटना बीमा दिलाने, भूमि संबंधी प्रकरणों के निराकरण, सीमांकन कराने, प्राथमिक शाला में शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों, एनएसडीएल कटौती राशि भुगतान, सड़क से अतिक्रमण हटाने, हैंडपंप खनन, अवैध रेत उत्खनन पर कार्यवाही, पार्षद निधि में अनियमितता की जांच, किराये की बकाया राशि भुगतान, पारिवारिक विवाद, पीएमईजीपी योजना अंतर्गत ऋण स्वीकृति, वन अधिकार पट्टा में नाम सुधार, शेष मानदेय भुगतान, पीएम आवास पर रोक हटाने, डबरी निर्माण कार्य तथा डिविजन बेंच के आदेशों के अनुरूप पेयजल दोहन पर रोक संबंधी आवेदनों को शामिल किया गया।

अपर कलेक्टर ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही करते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके और प्रशासन के प्रति भरोसा और अधिक मजबूत हो।

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments