एमसीबी, छत्तीसगढ़। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को फिर से सुदृढ़ बनाने की दिशा में सिटी बसों के पुनः संचालन की पहल शुरू हो गई है। उल्लेखनीय है कि 26 नवम्बर 2025 को ‘नई दुनिया’ में प्रकाशित एक खबर में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के डिपो में खड़ी-खड़ी खराब हो रही सिटी बसों और उनके उपयोग नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद अब विभाग ने सिटी बसों के पुनः संचालन के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
10 साल का अनुबंध खत्म होने से रुका संचालन
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अंतर्गत जेएनएनयूआरएम योजना के तहत कोरिया अरबन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सोसायटी द्वारा सात सिटी बसों का संचालन किया जा रहा था। इन बसों के संचालन के लिए 27 जून 2015 को पॉपुलर बस सर्विस, अंबिकापुर के साथ 10 वर्षों के लिए अनुबंध किया गया था। अनुबंध की अवधि 27 जून 2025 को समाप्त हो गई, जिसके बाद सभी सात बसों को नगर निगम के डिपो में सुरक्षित रख दिया गया था।
मरम्मत और संधारण के लिए 27.32 लाख का प्रस्ताव
बसों को फिर से संचालन योग्य बनाने के लिए उनके संधारण और मरम्मत का प्राक्कलन तैयार किया गया है। इसके तहत करीब 27.32 लाख रुपये की लागत से बसों की मरम्मत और आवश्यक तकनीकी सुधार का प्रस्ताव तैयार कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भेजा गया है।
नई निविदा के बाद फिर दौड़ेंगी बसें
अनुबंध समाप्त होने के बाद सिटी बसों के संचालन के लिए नई निविदा आमंत्रित करने की प्रक्रिया शासन स्तर पर प्रारंभ की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद बसों का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा। सिटी बस सेवा शुरू होने से शहरवासियों को सुलभ, सुरक्षित और किफायती सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सकेगी। इससे न केवल लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि शहर की नगरीय परिवहन व्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

