Monday, March 9, 2026
Homeभारतजनकपुर की बेटी दर्शना सिंह बनीं IPS, UPSC में 383वीं रैंक हासिल...

जनकपुर की बेटी दर्शना सिंह बनीं IPS, UPSC में 383वीं रैंक हासिल कर जिले का बढ़ाया मान

एमसीबी, छत्तीसगढ़। जिले के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का क्षण है। जिले के जनकपुर क्षेत्र की निवासी कुमारी दर्शना सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में 383वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित होकर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

कुमारी दर्शना सिंह, श्री अरुण सिंह एवं श्रीमती सीमा सिंह की सुपुत्री हैं। दर्शना सिंह की सफलता उनके कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। साधारण परिवार से निकलकर देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक में सफलता प्राप्त करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। उनकी इस सफलता ने जिले के युवाओं के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है।

दर्शना सिंह के पिता श्री अरुण सिंह पेशे से राशन दुकान संचालक हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती सीमा सिंह नगर पंचायत में पार्षद के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। माता-पिता के संस्कार, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने दर्शना सिंह के व्यक्तित्व और उनके लक्ष्य को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज उनकी सफलता पूरे परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय बन गई है।

दर्शना सिंह से फोन पर चर्चा कर उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। बातचीत के दौरान यह महसूस हुआ कि दर्शना सिंह जितनी प्रतिभाशाली हैं, उतनी ही सरल, विनम्र और सहज व्यक्तित्व की धनी भी हैं। उनकी सादगी और सकारात्मक सोच ही उन्हें आगे चलकर एक संवेदनशील और सक्षम अधिकारी बनाएगी।

उनकी इस उपलब्धि पर कुमारी दर्शना सिंह को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए यह विश्वास व्यक्त किया गया है कि वे एक सक्षम, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ आईपीएस अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करेंगी। साथ ही अपने क्षेत्र, परिवार और पूरे जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक ऊंचा करेंगी। उनकी सफलता निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और जिले के कई युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस देगी।

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments