कोरबा/पसान। जिले के पसान क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत जल्के में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की ओर से एक बड़ी महापंचायत का आयोजन किया गया। यह महापंचायत क्षेत्रीय विधायक एवं गोंगपा राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम के निर्देशानुसार तथा क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य एवं गोंगपा जिलाध्यक्ष विदवान सिंह मरकाम के मार्गदर्शन में गोंगपा ब्लॉक इकाई पसान द्वारा आयोजित की गई। महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
संभावित कोल खनन को लेकर ग्रामीणों की खुली आपत्ति
महापंचायत के दौरान क्षेत्रीय जनसमस्याओं एवं संभावित कोल खनन परियोजना को लेकर विस्तृत चर्चा एवं परिचर्चा की गई। ग्रामीणों ने एक स्वर में प्रस्तावित कोल खनन को लेकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई और कहा कि खनन से क्षेत्र की जल, जंगल और जमीन पर गंभीर संकट उत्पन्न होगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया तो वे खनन के विरुद्ध आंदोलन, विरोध प्रदर्शन एवं अनिश्चितकालीन धरना देने से पीछे नहीं हटेंगे। महापंचायत में उपस्थित जनसमूह ने अपनी मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि क्षेत्र के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बीजाड़ांड़ धरना प्रदर्शन को महापंचायत का समर्थन
गौरतलब है कि जल्के गांव से कुछ ही दूरी पर स्थित बीजाड़ांड़ क्षेत्र में प्रस्तावित रूंगटा कोल ब्लॉक आवंटन को निरस्त करने की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा पिछले एक माह से अधिक समय से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। महापंचायत में शामिल ग्रामीणों ने रूंगटा कोल कंपनी के खिलाफ कड़ा विरोध जताते हुए बीजाड़ांड़ में चल रहे धरना प्रदर्शन को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया। ग्रामीणों ने कहा कि यह संघर्ष केवल एक गांव का नहीं बल्कि पूरे गोंडवाना क्षेत्र की अस्मिता और अस्तित्व से जुड़ा हुआ है।
महापंचायत में गोंगपा युवा मोर्चा जिला संगठन मंत्री विनोद कुमार आरमो, ब्लॉक उपाध्यक्ष मुकेश पोया, मनोज कुमार मरावी, भुवनपाल सिंह पेन्द्रो, सरपंच फुलेश्वरी राज, धरमपाल सिंह मरकाम, शिवकुमार श्याम, मंगल सिंह ओलाड़ी, सुखनंदन सिंह पुहुप, नरेंद्र राज, रामभरोष आयम, गणेश उइके, रघुनाथ मसराम, कौशिक पुलस्त, विजय पुहूप, राहुल कुरूम, शंकर ओल्दई, संतोष मसराम, बुधराम मसराम, रामप्रसाद पांडो, पन्मेश्वरी पंडो, दिल कुंवर पंडो, राजेंद्र कमरों सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। महापंचायत के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि गोंडवाना अंचल में कोल खनन के खिलाफ जनआंदोलन लगातार मजबूत होता जा रहा है।

