एमसीबी, छत्तीसगढ़। जिले के केल्हारी क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। केल्हारी से लगभग 14 किलोमीटर दूर जनकपुर मार्ग पर तिलोखन से आगे धनहर के पास हुई इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। क्षेत्र में घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है।
सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना इतनी अचानक और भीषण थी कि टक्कर के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एक बाइक सवार की दूसरे वाहन से जोरदार भिड़ंत हुई। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संबंधित वाहन जनकपुर की ओर से आ रहा था या केल्हारी की दिशा में जा रहा था। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बताई जा रही है और स्थानीय लोगों के अनुसार उसके बचने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

