बैकुंठपुर, छत्तीसगढ़। कोरिया महोत्सव के अंतर्गत आयोजित लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम के पश्चात जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। कार्यक्रम में उपयोग किए गए शिलालेखों के सुरक्षित संधारण में बरती गई कथित लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की गई है।
प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग और जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंताओं के साथ-साथ जनपद पंचायत बैकुंठपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि शासकीय कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासनिक फेरबदल से सख्त संदेश
केवल नोटिस जारी करने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रही, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी तत्काल प्रभाव से परिवर्तन किया गया है। जनपद पंचायत बैकुंठपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ खैरवार को आगामी आदेश तक जिला पंचायत बैकुंठपुर में पदस्थ किया गया है। वहीं श्री अलेक्जेण्डर पन्ना को अस्थायी रूप से जनपद पंचायत बैकुंठपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का प्रभार सौंपा गया है।
जवाबदेही तय, व्यवस्था होगी और मजबूत
जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में शासकीय आयोजनों के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी और अधिक सख्ती से की जाएगी। लापरवाही पर त्वरित कार्रवाई का यह कदम न केवल व्यवस्था सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि सार्वजनिक धन और सरकारी कार्यक्रमों के प्रति जवाबदेही अनिवार्य है।

