Tuesday, January 13, 2026
Homeभारतगोंड समाज की संगठनात्मक मजबूती की दिशा में ऐतिहासिक कदम: रामनगर सेक्टर...

गोंड समाज की संगठनात्मक मजबूती की दिशा में ऐतिहासिक कदम: रामनगर सेक्टर का गठन, 15 गांवों की सहभागिता से सामाजिक एकता का दिया सशक्त संदेश

सूरजपुर, छत्तीसगढ़। गोंड समाज सूरजपुर जिले के रामनगर क्षेत्रीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठक 27 दिसंबर 2025 को ग्राम पंचायत रामनगर स्थित सामुदायिक भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। इस बैठक में रामनगर सेक्टर अंतर्गत लगभग 15 गांवों के समाज प्रतिनिधियों, वरिष्ठ जनों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। बैठक का उद्देश्य गोंड समाज की संगठनात्मक संरचना को मजबूत करना, सामाजिक ज्वलंत मुद्दों पर विचार-विमर्श करना तथा क्षेत्रीय स्तर पर एक सशक्त नेतृत्व का गठन करना रहा। बैठक को संबोधित करते हुए गोंड समाज जिला अध्यक्ष विजय सिंह मरपच्ची ने समाज की वर्तमान सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं संवैधानिक चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए सम्मानजनक भविष्य सुनिश्चित कर सकता है। उनके प्रेरक उद्बोधन के पश्चात सर्वसम्मति से गोंड समाज रामनगर सेक्टर की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।सर्व सहमति से प्रवीण प्रताप सिंह आरमोर एवं जोगेन्द्र सिंह ओर्केरा को गोंड समाज रामनगर सेक्टर का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उपाध्यक्ष पद के लिए सुमित्रा सिंह मरकाम एवं धर्मेंद्र सिंह उर्रे का चयन किया गया, जबकि सचिव के रूप में अखिलेश टेकाम को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही रामनगर सेक्टर की कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शेष राम सांडिल, सूर्यनारायण सिंह टेकाम, सभोरन सिंह टेकाम, अम्बिका सिंह टेकाम, सुरेश सिंह उर्रे एवं चन्देश्वर सिंह श्याम बैगा को मनोनीत किया गया। शेष पदों को ग्राम समितियों के विचार एवं सुझाव उपरांत भरे जाने का निर्णय लिया गया। गोंड महासभा की इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों का वरिष्ठ समाजसेवियों, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों द्वारा हल्दी-अक्षत का तिलक लगाकर पारंपरिक सम्मान के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर नव गठित रामनगर सेक्टर के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे शीघ्र ही अपने-अपने गांवों में ग्राम समितियों का गठन कर उसकी सूची ब्लॉक अध्यक्ष को उपलब्ध कराएं, जिससे निकट भविष्य में गोंड समाज का क्षेत्रीय स्तर का सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जा सके।बैठक में जिला अध्यक्ष विजय सिंह मरपच्ची, जिला उपाध्यक्ष संतोष पावले, कोषाध्यक्ष सुरेश सिंह उइके, ब्लॉक अध्यक्ष शिवप्रसाद सिंह मराबी, युवा प्रभाग ब्लॉक उपाध्यक्ष धनीराम मराबी, सचिव ईश्वर सिंह मराबी, भूमका पुजारी मंठू सिंह सांडिल सहित अनेक वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, सरपंच, महिला प्रतिनिधि एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्राम रामपुर के सरपंच अम्बिका सिंह टेकाम, रामनगर की सरपंच संगीता सिंह, रुनियाडीह की सरपंच सुमित्रा सिंह, सोहागपुर के सरपंच लोचन सिंह मरकाम, खरसुरा के सरपंच धर्मेंद्र सिंह सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता ने बैठक को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। रामनगर सेक्टर की इस बैठक ने गोंड समाज में संगठनात्मक एकता, नेतृत्व विकास और सामाजिक चेतना को नई दिशा दी है। समाज के लोगों में यह विश्वास मजबूत हुआ है कि संगठित प्रयासों के माध्यम से गोंड समाज अपने अधिकारों, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा करते हुए विकास की मुख्यधारा में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेगा।

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments