Monday, February 16, 2026
Homeगृहबलौदाबाजार में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, शिकार की साजिश नाकाम, रंगेहाथ...

बलौदाबाजार में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, शिकार की साजिश नाकाम, रंगेहाथ पकड़े गए तीन शिकारी

बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़! वन विभाग की बड़ी कार्रवाई में बलौदाबाजार वनमण्डल ने शिकार की एक गंभीर साजिश को विफल कर दिया। वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार चलाए जा रहे वन्य प्राणियों के संरक्षण अभियान के तहत देवपुर वन परिक्षेत्र की टीम ने 31 अगस्त की रात कसौंदी बीट में गश्त के दौरान तीन आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी विद्युत जीआई तार को 11 केवी लाइन से जोड़कर वन्य प्राणियों का शिकार करने की तैयारी कर रहे थे। मौके से जीआई तार, दवाइयों की खाली शीशियाँ, लकड़ी की खूंटी, प्लास्टिक कवर पाइप और बांस की डांगिनी जैसी सामग्री बरामद की गई।

वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार श्री धम्मशील गणवीर ने बताया कि यह सफलता हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक और रात्रिकालीन गश्त की सुदृढ़ व्यवस्था का नतीजा है। उन्होंने कहा कि त्वरित कार्रवाई से संभावित शिकार टल गया और इसका पूरा श्रेय वन विभाग की सजगता व तत्परता को जाता है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बालाराम बरिहा (50 वर्ष), गणेशराम बरिहा (28 वर्ष) और गुनसागर बरिहा (51 वर्ष), सभी ग्राम कुम्हारी, थाना राजादेवरी, जिला बलौदाबाजार निवासी के रूप में हुई। इनके विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 एवं संशोधित अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने इस सफल कार्रवाई के लिए वन विभाग की टीम को बधाई दी और कहा कि ऐसी कार्यवाही से वन्यजीवों की सुरक्षा और मजबूत होगी। उन्होंने आम जनता और युवाओं से अपील की कि वे वन्यजीवों की रक्षा में विभाग का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना अधिकारियों तक पहुँचाएँ।

 

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments