एमसीबी, छत्तीसगढ़। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत संचालित जल जीवन मिशन ने ग्राम पंचायत खेतौली, विकासखंड भरतपुर, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के ग्रामीण जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का संचार किया है। इसी परिवर्तन की जीवंत मिसाल हैं ग्राम खेतौली के निवासी तेजमान सिंह, जिनका जीवन “हर घर नल से जल” योजना के बाद पूरी तरह बदल गया है।
तेजमान सिंह बताते हैं कि पहले स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल के लिए उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। कुएं और हैंडपंप से पानी लाने में समय और श्रम दोनों का अत्यधिक व्यय होता था, जिससे रोजमर्रा के कार्य और स्वास्थ्य प्रभावित होते थे। कई बार दूषित पानी के कारण बीमारियों की समस्या भी सामने आती थी।
जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के बाद अब उनके घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। इससे न केवल समय की बचत हुई है, बल्कि परिवार के स्वास्थ्य में भी उल्लेखनीय सुधार आया है। महिलाओं और बच्चों को विशेष राहत मिली है और जीवन अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक हुआ है।
इस उपलब्धि के लिए तेजमान सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना गांवों को सशक्त बना रही है और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य की नींव रख रही है।
तेजमान सिंह की यह कहानी बताती है कि जल जीवन मिशन केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम है, जो हर घर तक सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन पहुंचा रहा है।

