Tuesday, August 26, 2025
Homeभारतबिहान योजना के तहत महिलाओं ने थामी खेती और पशुपालन की कमान...

बिहान योजना के तहत महिलाओं ने थामी खेती और पशुपालन की कमान हो रही आमदनी में बढ़ोतरी

एमसीबी, छत्तीसगढ़/ जिले में कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशानुसार कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य एवं पशुधन विकास विभाग द्वारा एनआरएलएम बिहान योजना के अंतर्गत गठित स्व-सहायता समूह की महिलाओं को विभागीय योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम के मार्गदर्शन में ग्राम स्तर पर महिला कृषि सखी और पशु सखी की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आ रही है। कृषि सखियों के माध्यम से गांव-गांव में किसान पाठशालाएं संचालित की जा रही हैं, जहां जैविक खेती को प्रोत्साहित करते हुए निम्बास्त्र, ब्रह्मास्त्र, अग्निअस्त्र और जीवामृत जैसी जैविक दवाइयों के निर्माण की विधि स्थानीय संसाधनों से सिखाई जा रही है। कीटनाशक जहरीली दवाओं और जैविक उपायों में अंतर समझाते हुए महिला किसान घरों में स्वयं जैविक दवाइयों का निर्माण करने लगी हैं। बीजोपचार, थरहा तैयार करना और लाइन विधि से रोपाई जैसे तकनीकी उपायों से किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन की राह दिखाई जा रही है।वर्षा ऋतु में सब्जी उत्पादन को प्रोत्साहन देते हुए मचान विधि को अपनाने पर जोर दिया जा रहा है, जिसमें भरतपुर विकासखंड की महिलाएं स्थानीय संसाधनों से खड़ा मचान और छतनुमा मचान तैयार कर रही हैं। मचान विधि से सब्जी उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ छिड़काव और तुड़ाई की प्रक्रिया भी आसान हो रही है। गांवों में स्थानीय महिला कृषि सखियों को प्रशिक्षण देकर इन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है और विभाग द्वारा इनकी नियमित निगरानी की जा रही है। इसी तरह पशु सखियों के द्वारा पशुधन संरक्षण की दिशा में भी प्रभावशाली कार्य किए जा रहे हैं। वर्षा ऋतु में पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है जिसमें पशु सखी श्रीमती अर्चना सिंह और अन्य 6 महिला सखियों ने अब तक 1000 से अधिक बकरों और बकरियों का टीकाकरण किया है और मुर्गियों को भी आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। डीपीएम सिमेन्द्र सिंह ने बताया कि महिलाओं से महिलाओं के बीच संवाद सहज होता है और जिला मुख्यतः कृषि आधारित आजीविका पर निर्भर है, ऐसे में महिलाओं को रिसोर्स पर्सन के रूप में तैयार कर विभागीय गतिविधियों के साथ जोड़ना ग्रामीण विकास की दिशा में एक सार्थक और सफल प्रयास सिद्ध हो रहा है।

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments