Tuesday, March 3, 2026
Homeछत्तीसगढ़ग्राम पंचायत रतनपुर में जन चौपाल कार्यक्रम हुआ संपन्न: हितग्राहियों को मिला...

ग्राम पंचायत रतनपुर में जन चौपाल कार्यक्रम हुआ संपन्न: हितग्राहियों को मिला त्वरित न्याय, आवास-मनरेगा-पेंशन योजनाओं की मिली सीधी और स्पष्ट जानकारी

एमसीबी, छत्तीसगढ़। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत रतनपुर में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जिला पंचायत एमसीबी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित इस जन चौपाल में प्रधानमंत्री आवास योजना, बैगा आवास योजना, मनरेगा तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जन चौपाल में अधिकारियों ने लंबित आवास निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिले। इसके लिए संबंधित विभागीय अमले को सक्रियता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा द्वारा नई योजना “विकसित भारत जी राम जी (वीबी-जी राम जी)” की विस्तृत जानकारी हितग्राहियों को दी गई। योजना से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा उपस्थित ग्रामीणों को क्यूआर कोड स्कैन कर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को डिजिटल माध्यमों के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया, ताकि वे योजनाओं की अद्यतन जानकारी सरलता से प्राप्त कर सकें।कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रूपेश बंजारे, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा कृष्ण प्रताप सिंह, विकासखंड समन्वयक मनीष सिंह सहित तकनीकी सहायक, रोजगार सहायक एवं अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम पंचायत रतनपुर, पेंड्री, गिद्धमुदी, कोटिया, बोरेमुड़ा, धनपुर, पोड़ीडीह एवं कोड़ांगी के सरपंच, सचिव, उपसरपंच, मेट तथा बड़ी संख्या में हितग्राही भी जन चौपाल में शामिल हुए। अधिकारियों ने ग्राम स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। जन चौपाल के माध्यम से शासन की योजनाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई, जिससे पात्र हितग्राहियों को त्वरित एवं पारदर्शी लाभ सुनिश्चित हो सके।

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments