दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर आज जिला न्यायालय परिसर, दंतेवाड़ा स्थित न्याय सदन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष, प्रधान जिला न्यायाधीश श्री संतोष कुमार आदित्य द्वारा किया गया। बैठक में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश, दंतेवाड़ा न्यायालय के समस्त पीठासीन न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दंतेवाड़ा, अधिवक्तागण, बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि, पैनल अधिवक्तागण तथा विद्युत विभाग, नगर पालिका दंतेवाड़ा, गीदम एवं बारसूर, दूरसंचार विभाग, भारतीय स्टेट बैंक, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, कैनरा बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया तथा जिला अंत्यावसायी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों एवं बैंकों के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों को नेशनल लोक अदालत में रखकर पक्षकारों को त्वरित एवं सरल न्याय का लाभ दिलाना था। इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश ने उपस्थित न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लंबित एवं उपयुक्त प्रकरणों को नेशनल लोक अदालत में सूचीबद्ध करें ताकि उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोक अदालत नागरिकों को समय, धन एवं श्रम की बचत करते हुए न्याय प्रदान करने का एक प्रभावी मंच है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं बैंकों से समन्वय बनाकर कार्य करने तथा नेशनल लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

