Sunday, February 15, 2026
Homeभारतसहकारिता एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप की पत्रकार वार्ता , कहा किसानों,...

सहकारिता एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप की पत्रकार वार्ता , कहा किसानों, सहकारिता और परिवहन क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ

रायपुर, छत्तीसगढ़।  सहकारिता एवं परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप ने पत्रकार वार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने सहकारिता और परिवहन के क्षेत्र में जनहित को केंद्र में रखते हुए बड़े और ठोस परिणाम दिए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण उपलब्ध कराने के लिए वर्ष 2025-26 में 9 हजार करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया था, जिसके विरुद्ध अब तक 7 हजार 667 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। इससे 15 लाख 55 हजार से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं।

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि खरीफ सीजन 2025-26 में 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी सहकारी समितियों के माध्यम से की गई और किसानों को 31 हजार 275 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे उनके खातों में किया गया है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

उन्होंने बताया कि “सहकार से समृद्धि” अभियान के तहत राज्य में 515 नई पैक्स समितियों का गठन किया गया है। इसके साथ ही 351 डेयरी, 322 मत्स्य एवं 153 वनोपज समितियों सहित कुल 1341 नई सहकारी समितियाँ बनी हैं। प्रदेश की लगभग सभी पैक्स समितियों का कम्प्यूटरीकरण पूरा हो चुका है और माइक्रो एटीएम के माध्यम से अब तक 230 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन किया जा चुका है।

परिवहन क्षेत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत दूरस्थ और बस सुविधा से वंचित गांवों को तहसील, जिला एवं नगरीय मुख्यालयों से जोड़ा जा रहा है। अब तक 69 मार्गों पर बसों का संचालन शुरू हो चुका है, जिससे 450 से अधिक गांवों को पहली बार बस सुविधा मिली है। आने वाले वर्ष 2026-27 में 200 नई बसें चलाने की योजना है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार इलेक्ट्रिक वाहन नीति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे रही है। इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर 10 प्रतिशत या अधिकतम 1 लाख रुपये तक की सब्सिडी और जीवनकाल कर में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। अब तक 1 लाख 73 हजार से अधिक ई-वाहनों का पंजीयन हो चुका है और 125 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है।

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि सड़क सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर, ई-ट्रैक ड्राइविंग टेस्ट, एएनपीआर कैमरे, ई-चालान प्रणाली और राहवीर योजना जैसे कदमों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है। राहवीर योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को 25 हजार रुपये का पुरस्कार और प्रशंसा पत्र दिया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च संस्थान और राज्यभर में ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से अब तक 38 हजार से अधिक चालकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। अंत में मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार सहकारिता, कृषि और परिवहन के माध्यम से आमजन के जीवन को सरल, सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आने वाले समय में इसके और सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments