एमसीबी, छत्तीसगढ़। जनपद पंचायत भरतपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बहरासी की निवासी श्रीमती सीमा सिंह ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल कायम की है। वे लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं और आजीविका गतिविधि के रूप में किराना स्टोर एवं मनिहारी स्टोर का सफल संचालन कर रही हैं। वर्ष 2017 के मार्च माह में उन्होंने बैंक लिंकेज एवं सीआईएफ ( CIF ) के माध्यम से 60,000 रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने अपने गांव में छोटा व्यवसाय शुरू किया। प्रारंभ में सीमित संसाधनों और अनुभव की कमी जैसी चुनौतियां सामने आईं, लेकिन अपनी मेहनत, लगन और समूह के सहयोग से उन्होंने व्यवसाय को धीरे-धीरे मजबूत बनाया।
आज उनके स्टोर से गांव के लोगों को दैनिक उपयोग की सामग्री सहज रूप से उपलब्ध हो रही है। उनके व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 5,000 से 8,000 रुपये तक की आय हो रही है, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के साथ बच्चों की शिक्षा और घरेलू खर्चों में सहयोग कर रही हैं। श्रीमती सीमा सिंह की सफलता ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उन्होंने यह सिद्ध किया है कि स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। उनकी मेहनत और सकारात्मक सोच आज गांव की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।

