Tuesday, March 10, 2026
Homeभारतकटकोना उपार्जन केन्द्र में एसडीएम का औचक निरीक्षण: 59 बोरे संदिग्ध पाए...

कटकोना उपार्जन केन्द्र में एसडीएम का औचक निरीक्षण: 59 बोरे संदिग्ध पाए गए, 35.40 क्विंटल अमानक धान जप्त – प्रशासन ने सख्ती दिखाई

एमसीबी, छत्तीसगढ़! खरीफ विपणन वर्ष के दौरान उपार्जन केन्द्रों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज अनुविभागीय अधिकारी (रा.) खड़गवां द्वारा कटकोना उपार्जन केन्द्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्हें केन्द्र में कुछ धान के बोरे संदिग्ध रूप से रखे हुए मिले, जिनकी तुरंत जांच कराई गई।

संदिग्ध बोरे मिले, किसान का नाम अलग-लाने वाला व्यक्ति अलग

उक्त बोरे सुरेश कुमार पिता दयाराम द्वारा उपार्जन केंद्र में पहुंचाए गए थे, जबकि टोकन कृषक शांति बाई पति भागबली के नाम पर 04 दिसंबर 2025 को जारी किया गया था। टोकन में 50 क्विंटल की मात्रा अंकित थी तथा ऋण पुस्तिका क्रमांक 5942 भी शांति बाई के नाम पर पाया गया। जब एसडीएम ने धान लाने वाले व्यक्ति से पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जवाबों में विरोधाभास पाया गया, जिससे धान के स्रोत और वास्तविक स्वामित्व पर संदेह उत्पन्न हुआ।

59 बोरे, प्रति बोरा लगभग 60 किलो-कुल जप्त मात्रा 35.40 क्विंटल

निरीक्षण में कुल 59 बोरे धान पाए गए। प्रत्येक बोरे में लगभग 60 किलोग्राम धान था। इस प्रकार कुल लगभग 35.40 क्विंटल धान की अमानक/अवैध मात्रा दर्ज की गई। प्रशासनिक नियमों के तहत यह कार्रवाई धान खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता और अनियमितताओं को रोकने के लिए की गई।

उपार्जन केन्द्र प्रभारी को दी गई सुपुर्दगी

जप्त धान को विधिवत पंचनामा बनाकर कटकोना उपार्जन केन्द्र के प्रभारी श्री प्रदीप पांडे के सुपुर्द सुरक्षित रखा गया। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जप्त धान का उचित संरक्षण किया जाए तथा इस संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन तत्काल जमा किया जाए।

प्रशासन सख्त-अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई जारी

एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान उपार्जन केन्द्र के स्टाफ को खरीदी प्रक्रिया में उच्च स्तर की पारदर्शिता, सही टोकन व्यवस्था और किसानों की पहचान का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर उपार्जन केन्द्र में निरीक्षण जारी रहेगा। जिला प्रशासन ने किसानों को भी अपील की है कि वे अपने नाम पर जारी टोकन के अनुसार स्वयं ही धान लेकर आएं और केंद्रों में किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments