एमसीबी, छत्तीसगढ़। न्यायिक अधिकारियों ने दी कानूनी जानकारी, छात्राओं को बताया गुड टच-बैड टच और साइबर सुरक्षा का महत्व मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के झगराखाड़ स्थित शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय में वी क्लब समर्पण की चेयरपर्सन वीरांगना श्रीवास्तव के नेतृत्व में पोक्सो एक्ट जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई और अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं तिलक लगाकर किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सरिता दास, द्वितीय सत्र न्यायालय न्यायाधीश जिला एमसीबी ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को पोक्सो एक्ट के प्रावधानों की सरल और स्पष्ट जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार की स्थिति में तुरंत शिकायत करने तथा कानून द्वारा प्रदत्त सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे मजबूत आधार है और विद्यालय स्तर पर ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।
वहीं अजय विश्वकर्मा, डीएलबी अधिकार मित्र थाना मनेंद्रगढ़ ने साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव और व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के उपाय बताए। इशिता श्रीवास्तव, आरक्षक थाना झगराखाड़ ने छात्राओं से संवाद करते हुए पोक्सो एक्ट के अंतर्गत आने वाले अपराधों की जानकारी दी और किसी भी अनुचित स्पर्श या व्यवहार की स्थिति में तुरंत भरोसेमंद व्यक्ति या पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। अंजनी यादव, पीएलबी अधिकार मित्र थाना झगराखाड़ ने गुड टच और बैड टच का व्यवहारिक प्रदर्शन कर छात्राओं को समझाया, जिससे बच्चियों को विषय को सहज तरीके से समझने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि अपनी सुरक्षा को लेकर सजग रहना प्रत्येक बालिका का अधिकार और जिम्मेदारी है। इंदिरा सेंगर ने अपने संबोधन में कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें सुरक्षित भविष्य की दिशा में सशक्त बनाते हैं। कार्यक्रम के अंत में वीरांगना श्रीवास्तव द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अनुपमा सिंह ने प्रभावी ढंग से किया। आयोजन में वी क्लब की सदस्याएं बबीता अग्रवाल, पम्मी अरोड़ा, मधु जैन, श्वेता पोद्दार, मीरा गुप्ता, मंजू अग्रवाल, रूपा पोद्दार सहित संकुल की शिक्षिकाएं रेखा पांडे, संध्या दास, साक्षी यादव, शांति यादव, अभिभावकगण और विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं। जागरूकता से परिपूर्ण यह कार्यक्रम छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुआ।

