Tuesday, March 3, 2026
Homeछत्तीसगढ़होली से पहले अन्नदाताओं को बड़ी सौगात कृषक उन्नति योजना के तहत...

होली से पहले अन्नदाताओं को बड़ी सौगात कृषक उन्नति योजना के तहत जिले के 15,852 किसानों को मिला 64.31 करोड़ की आदान सहायता राशि

एमसीबी, छत्तीसगढ़। जिले के खड़गवां विकासखंड में कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह सह कृषक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिला पंचायत सदस्य प्रिया मसराम, जनपद सदस्य श्याम बाई मरकाम, वीरेन्द्र करियाम, धर्मपाल, रामप्रसाद गुप्ता, धनंजय पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सरपंचगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर किसानों में विशेष उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

प्रदेश सरकार ने अपने संकल्प के अनुरूप होली पर्व से पहले राज्य के अन्नदाताओं को 10 हजार 324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि उनके बैंक खातों में अंतरित कर दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित रहंगी खेल मैदान में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन से राज्य के 25 लाख 28 हजार किसानों को यह राशि जारी की। इसी क्रम में एमसीबी जिले के तीनों विकासखंडकृमनेन्द्रगढ़, भरतपुर और खड़गवांकृमें एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को लाभान्वित किया गया।एमसीबी जिले में लगभग 49 हजार कृषक करीब 46 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में खेती करते हैं, जिनमें से लगभग 33 हजार 840 हेक्टेयर में धान की खेती की जाती है। खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले पंजीकृत किसानों को शासन द्वारा घोषित दर के अनुसार 731 रुपये प्रति क्विंटल की अंतर राशि आदान सहायता के रूप में डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जा रही है। इससे भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता और त्वरित सुविधा सुनिश्चित हुई है। जिले के कुल 15 हजार 852 किसानों को 64 करोड़ 31 लाख 69 हजार 326 रुपये 60 पैसे की राशि प्रदान की जाएगी। यह सहायता आगामी खेती सीजन की तैयारी, बीज, खाद एवं अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था में किसानों के लिए महत्वपूर्ण सहयोग सिद्ध होगी।

मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की असली पहचान उसके अन्नदाता किसानों से है और प्रदेश सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा एवं समृद्धि के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि होली से पूर्व किसानों के खातों में राशि अंतरित कर सरकार ने अपना वादा निभाया है। यह केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि किसानों के विश्वास और सम्मान का प्रतीक है।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर की है। किसानों को पहले 2369 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा चुका था, जबकि शेष 731 रुपये प्रति क्विंटल की अंतर राशि आज डीबीटी के माध्यम से 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक सीधे किसानों के खातों में भेजी गई है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी डीबीटी व्यवस्था से बिचैलियों की भूमिका समाप्त हुई है और किसानों को सीधे लाभ मिल रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि वर्ष 2000 में प्रदेश का बजट लगभग 5 हजार करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये हो गया है। सरकार ने सत्ता में आने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए, हर घर शौचालय उपलब्ध कराया तथा वर्ष 2005 से वन भूमि पर काबिज पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टा देने की प्रक्रिया को गति दी है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है, वहीं उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि खड़गवां विकासखंड के 4849 किसानों को कृषि उन्नति योजना के अंतर्गत 18 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई है। ‘वीबी रामजी’ योजना के तहत 125 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें 7 से 15 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित होगा तथा विलंब की स्थिति में ब्याज सहित राशि प्रदान की जाएगी। आंगनबाड़ी भवन, तालाब एवं सीसी रोड जैसे विकास कार्य अब मनरेगा और वीबी रामजी योजना के अंतर्गत कराए जाएंगे।

उन्होंने खड़गवां में कृषि महाविद्यालय के निर्माण कार्य प्रारंभ होने, बरदर से गिद्धमुड़ी मार्ग विकास, उधनापुर नहर संचालन, रतनपुर, करवा अंजलि जलाशय तथा चोपन सहित विभिन्न गांवों तक जल पहुंचाने की योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बताया कि अब रजिस्ट्री के लिए मनेंद्रगढ़ जाने की आवश्यकता नहीं होगी, खड़गवां में ही पंजीयन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल कृषक उन्नति योजना “धान बोनस तिहार” के अंतर्गत रमेश कुमार जायसवाल, मंगलप्रसाद, अर्जुन सिंह, जानर्धन प्रसाद, माहेश्वर, कल्याण सिंह, हिरदय सिंह, दसवंत सिंह, प्रेमनारायण, हीरा सिंह, प्रेम सिंह, दलवीर सिंह एवं झगरसाय सहित अनेक किसानों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह श्याम, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष रामप्रताप गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष भाजपा रामलाल साहू, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष अभय जायसवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मुकेश जायसवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किसान मोर्चा धनंजय पाण्डेय, जानर्धन साहू, महामंत्री भाजपा रमेश जायसवाल, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा सतेंद्र साहू, मंडल अध्यक्ष एससी मोर्चा सुनील सोनवानी, मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती मालती यादव, मंडल अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा मोहम्मद रमजान खान, असमेद सोनवानी, अजय सिंह, इंद्रावती, अपर कलेक्टर अनिल सिदार, सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे, उप संचालक राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.आर. भगत, उप संचालक इंद्रासान पैकरा, विकासखंड अधिकारी खड़गवां डॉ. मनीष प्रताप सिंह सहित समस्त जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments