Saturday, February 21, 2026
Homeनिर्वाचनजिले में एसआईआर अभियान संपन्न, कुल 2,92,599 मतदाता हुए पंजीकृत

जिले में एसआईआर अभियान संपन्न, कुल 2,92,599 मतदाता हुए पंजीकृत

एमसीबी, छत्तीसगढ़। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। चार महीने तक चले इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उपरांत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया गया, जिसमें जिले में कुल 2,92,599 मतदाता पंजीकृत पाए गए हैं। मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशन के बाद कुल 4,879 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई। इस अभियान के दौरान 503 बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए गए तथा कुल 3,19,441 मतदाताओं के मिलान और मैपिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में प्रकाशित किए गए हैं।

भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रारंभ किया गया था। राज्यभर में यह अभियान 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुआ और चार महीने तक लगातार चला। इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न चरणों के प्रभावी संचालन के बाद आज 21 फरवरी 2026 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया गया है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने से संबंधित दावे एवं आपत्तियाँ 23 दिसम्बर 2025 से 22 जनवरी 2026 के बीच प्राप्त की गई थीं, जिनका निराकरण 14 फरवरी 2026 तक कर लिया गया। अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के अवसर पर डी. राहुल वेंकट, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जिला एमसीबी द्वारा जिले के सभी नागरिकों को इस अभियान में अभूतपूर्व सहयोग प्रदान करने हेतु बधाई एवं आभार व्यक्त किया गया।

निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए 2 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 9 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 33 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 503 बूथ लेवल अधिकारी तथा 932 बूथ लेवल एजेंट सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान जिला एमसीबी के मतदाताओं का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ। मीडिया, राजनीतिक दलों एवं अन्य संगठनों का भी इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

प्रमुख आंकड़े और उपलब्धियाँ

डिजिटलीकरण के अंतर्गत कुल 3,19,441 मतदाताओं (डेटा 27 अक्टूबर 2025) में से 2,87,720 मतदाताओं (डेटा 23 दिसम्बर 2025) से गणना फॉर्म प्राप्त हुए, जिनका पूर्ण रूप से डिजिटलीकरण किया गया। साथ ही घर-घर सर्वे के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा निरंतर घर-घर जाकर सर्वे किया गया, जिसमें मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित एवं दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान की गई।

मतदाताओं की संख्या में बदलाव

प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची से पूर्व जिले में 3,19,441 मतदाता (डेटा 27 अक्टूबर 2025) दर्ज थे।

प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची के प्रकाशन के बाद मतदाताओं की संख्या 2,87,720 (डेटा 23 दिसंबर 2025) रही।

अंतिम मतदाता सूची में कुल 2,92,599 मतदाता (डेटा 21 फरवरी 2026) दर्ज किए गए।

इस प्रकार प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद अंतिम सूची में 4,879 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई, जो 1.70 प्रतिशत है।

प्रक्रिया और पारदर्शिता

एसआईआर की घोषणा के बाद से ही जिले में मतदाताओं को गणना फॉर्म के वितरण से लेकर उनके डिजिटलीकरण तक का कार्य मिशन मोड में किया गया। जिन गणना फॉर्मों की प्राप्ति मृत मतदाता, स्थायी स्थानांतरण या अनुपस्थिति के कारण नहीं हो सकी, उनकी पुष्टि के लिए बूथ लेवल अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों के पश्चात जिन मतदाताओं के गणना फॉर्म वापस नहीं आए, उनकी सूची विधानसभा क्षेत्रवार जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की वेबसाइट https://manendragarh-chirmiri-bharatpur.cg.gov.in तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in पर प्रकाशित की गई थी।

चार महीने तक चली इस निरंतर प्रक्रिया के उपरांत 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर आज 21 फरवरी 2026 को जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के सभी मतदान केंद्रों एवं प्रत्येक निर्धारित स्थानों पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। यह अंतिम मतदाता सूची जिला प्रशासन की वेबसाइट http://bharatpur.cg.gov.in तथा जिला निर्वाचनअधिकारी की वेबसाइट https://manendragarh-chirmiri-bharatpur.cg.gov.in और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in पर भी उपलब्ध है, जहाँ मतदाता अपने विवरण की जाँच कर सकते हैं।

 

*अन्य महत्वपूर्ण बिंदु*

जिले में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची की दो प्रतियाँ, एक फोटोयुक्त प्रिंटेड प्रति एवं एक फोटोरहित सॉफ्ट कॉपी निशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में सम्मिलित किए गए हैं।

विधानसभावार अंतिम मतदाता सूची के आंकड़े

विधानसभा क्षेत्र भारतपुरदृसोनहत में वर्ष 2026 की मसौदा सूची में 1,67,864 मतदाता थे, जिसमें 3,518 जोड़, 560 विलोपन के बाद 2,958 की शुद्ध वृद्धि के साथ अंतिम मतदाता संख्या 1,70,822 रही, जो 1.76 प्रतिशत शुद्ध परिवर्तन है। वहीं विधानसभा क्षेत्र मनेन्द्रगढ़ में मसौदा सूची में 1,19,856 मतदाता थे, जिसमें 2,459 जोड़, 538 विलोपन के बाद 1,921 की शुद्ध वृद्धि के साथ अंतिम मतदाता संख्या 1,21,777 रही, जो 1.60 प्रतिशत शुद्ध परिवर्तन है।

दोनों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल मसौदा मतदाता 2,87,720 थे, जिसमें 5,977 जोड़, 1,098 विलोपन के बाद 4,879 की शुद्ध वृद्धि के साथ कुल अंतिम मतदाता संख्या 2,92,599 रही। इस प्रकार 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा प्रपत्र संख्या-6 भरकर भविष्य में प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। भविष्य में समय-समय पर होने वाले आवश्यक संशोधनों के अनुसार नागरिक प्रपत्र संख्या 6, 7 एवं 8 भी भर सकेंगे। एसआईआर के दौरान आगामी अर्हता तिथि 01 अक्टूबर 2026 के संदर्भ में भी मतदाताओं से आवेदन प्रपत्र-6 प्राप्त किए गए हैं।

सभी मतदाता अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in/ वोटर पोर्टल https://voters.eci.gov.in ECINET ऐप, संबंधित बूथ लेवल अधिकारी ((BLO) के माध्यम से अथवा जिला निर्वाचन अधिकारी/ईआरओ/एईआरओ कार्यालय से जाँच सकते हैं। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से आवश्यक घोषणा पत्र एवं सहायक दस्तावेज़ों के साथ ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन आवेदन कर सकता है। अंतिम मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या स्थानांतरण हेतु फॉर्म-8 भरकर आवश्यक दस्तावेज़ों के साथ सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है।

ऐसे मामलों में जहाँ निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा स्वप्रेरणा (SUO MOTO) के आधार पर पात्रता की गहन जांच एवं सुनवाई के उपरांत किसी व्यक्ति को अयोग्य पाया जाता है, ऐसे नाम अंतिम निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं किए जाते। ऐसे निर्वाचकों को जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अपील करने का अधिकार प्राप्त है।

किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न छूटे तथा कोई अपात्र मतदाता सूची में शामिल न हो, इस उद्देश्य के साथ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची की शुद्धता, आधुनिकता एवं समावेशिता सुनिश्चित करने हेतु चलाया गया यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अभियान को सफल बनाने में निर्वाचन प्रणाली से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, बूथ लेवल अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का कार्य सराहनीय रहा है। इस अवसर पर भाजपा से आशीष मजुमदार एवं आशीष सिंह , बहुजन समाज पार्टी से हरिशंकर गजेन, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अशोक श्रीवास्तव, शौरभ मिश्रा ,आदमी पार्टी से रमाशंकर मिश्रा भी उपस्थित थे ।

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments