एमसीबी, छत्तीसगढ़। युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासकीय पॉलीटेक्निक चिरमिरी द्वारा मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। संस्थान के प्राचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क होगा तथा इसकी अवधि तीन माह निर्धारित की गई है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक एवं तकनीकी दक्षता प्रदान कर उन्हें निर्माण एवं स्वास्थ्य सेवा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में रोजगार योग्य बनाना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सहायक राजमिस्त्री और जनरल ड्यूटी असिस्टेंट ट्रेड में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। सहायक राजमिस्त्री के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास तथा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट के लिए दसवीं पास निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संबंधित ट्रेड में व्यवहारिक ज्ञान, तकनीकी कौशल एवं कार्यस्थल की आवश्यक दक्षताओं का समुचित प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे स्वरोजगार अथवा निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त कर सकें।
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को शासकीय प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही संस्थान द्वारा प्रशिक्षित युवाओं के प्लेसमेंट हेतु भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष लाभ उन्हें रोजगार के रूप में मिल सके। इच्छुक अभ्यर्थी 22 फरवरी 2026 तक कार्यालयीन समय में शासकीय पॉलीटेक्निक चिरमिरी पहुंचकर पंजीयन करा सकते हैं। प्रवेश सीमित सीटों के आधार पर किया जाएगा, इसलिए समय रहते आवेदन करना आवश्यक है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी शासकीय पॉलीटेक्निक चिरमिरी से संपर्क कर सकते हैं। संपर्क हेतु अमित कुमार मोबाइल नंबर 9641124873 तथा नमन अग्रवाल मोबाइल नंबर 7067373499 पर संपर्क किया जा सकता है। ईमेल principalchirmiri@gmail.com पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

