एमसीबी। छत्तीसगढ़ राज्य गठन की रजत जयंती वर्ष 2025-26 के गौरवपूर्ण अवसर पर खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला में 02 जनवरी से 09 जनवरी 2026 तक विशेष विभागीय गतिविधि सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष सप्ताह के अंतर्गत जिले की समस्त शासकीय उचित मूल्य दुकानों में “रजत जयंती चावल उत्सव” तथा जिले स्तर पर “उपभोक्ता जागरूकता सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाना तथा उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 02 से 09 जनवरी 2026 तक जिले की प्रत्येक शासकीय उचित मूल्य दुकान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, निगरानी समिति के सदस्यों, दुकान संचालकों एवं हितग्राहियों की उपस्थिति में रजत जयंती चावल उत्सव का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान शेष राशन कार्डधारकों एवं हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि सभी पात्र नागरिकों को शासकीय योजनाओं का निर्बाध लाभ मिल सके। चावल उत्सव के दौरान दुकानों में प्रदर्शित सूचना बोर्ड, स्टॉक पंजी, वितरण पंजी, चावल उत्सव पंजी सहित समस्त अभिलेख अद्यतन रखे जाएंगे तथा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएगी।
रजत जयंती सप्ताह के अंतर्गत जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के समन्वय से उपभोक्ता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत जिले में बैठकें, समारोह, रैलियां, कार्यशालाएं एवं सेमिनार आयोजित कर उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा उपभोक्ता विवादों के निराकरण की वर्तमान कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाएगा। जिला उपभोक्ता फोरम के माननीय न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठनों, गणमान्य नागरिकों एवं शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों की सहभागिता से विशेष कार्यशालाओं का आयोजन होगा।
कार्यक्रमों के दौरान विधिक माप विज्ञान, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों के सहयोग से प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें उपभोक्ताओं को उत्पाद खरीदते समय आवश्यक सावधानियों, पैकिंग पर अनिवार्य जानकारियों, आधुनिक माप-बाट प्रणाली, अपमिश्रण एवं नकली उत्पादों की पहचान संबंधी जानकारी दी जाएगी। उपभोक्ताओं को जागरूक करने हेतु हैंडबिल, पोस्टर एवं पम्पलेट का निःशुल्क वितरण किया जाएगा तथा कंज्यूमर क्लबों के माध्यम से स्कूली छात्रों सहित आम नागरिकों को उपभोक्ता अधिकारों के संबंध में जानकारी दी जाएगी। उपभोक्ता आयोग द्वारा जारी महत्वपूर्ण आदेशों का प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
रजत जयंती चावल उत्सव एवं उपभोक्ता जागरूकता सप्ताह के प्रचार-प्रसार हेतु निर्धारित प्रारूप में बैनर प्रिंट कराकर जिले की समस्त शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चस्पा किए जाएंगे तथा स्थानीय स्तर पर मुनादी के माध्यम से कार्यक्रमों की सूचना जन-जन तक पहुंचाई जाएगी। जिले में आयोजित समस्त कार्यक्रमों के फोटोग्राफ एवं वीडियो का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे यूट्यूब, इंस्टाग्राम सहित जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इसके साथ ही जिले में आयोजित रजत जयंती चावल उत्सव एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रमों के समस्त फोटोग्राफ एवं वीडियो का संकलन कर छत्तीसगढ़ शासन के रजत जयंती पोर्टल https://cg25cgstate.gov.in पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाएगा, ताकि राज्य गठन की 25 वर्ष की उपलब्धियों का डिजिटल दस्तावेजीकरण सुनिश्चित किया जा सके और रजत जयंती वर्ष को ऐतिहासिक बनाया जा सके।

