सूरजपुर, छत्तीसगढ़। जिले के प्रेमनगर स्थित गोंडवाना भवन रघुनाथपुर में गोंड समाज की ब्लॉक स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष विजय सिंह मरपच्ची की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बैठक की शुरुआत गोंडवाना रत्न स्वर्गीय दादा हीरा सिंह मरकाम जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर श्रद्धा और सम्मान के साथ की गई। इसके पश्चात समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
परस राम उइके बने ब्लॉक अध्यक्ष, राम मनोहर टेकाम को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
बैठक में सर्वसम्मति से ग्राम पटेल परस राम उइके को गोंड समाज प्रेमनगर ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया गया। वहीं वरिष्ठ समाजसेवी राम मनोहर टेकाम को ब्लॉक उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन को मजबूती देने हेतु महासचिव के रूप में प्राण सिंह मराबी, सचिव रूप साय पोर्ते, कोषाध्यक्ष रामध्यान सिंह श्याम तथा मीडिया प्रभारी प्रेम साय उइके को सर्वसम्मति से चयनित किया गया।
अनुभवी समाज प्रमुखों को संरक्षक मंडल में दिया गया स्थान
गोंड समाज की दिशा और मार्गदर्शन के लिए ब्लॉक संरक्षक के रूप में सोहन सिंह टेकाम, घूरसाय आंडिल, शंकर सिंह उर्रे, रामदयाल उइके एवं देवलाल सिंह श्याम को मनोनीत किया गया। साथ ही प्रेमनगर ब्लॉक से जिला उपाध्यक्ष पद के लिए शिवनन्दन सिंह मराबी का भी सर्वसम्मति से मनोनयन किया गया।
महिला नेतृत्व को मिली मजबूत भागीदारी
महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उर्वशी सिंह पोर्ते को महिला ब्लॉक अध्यक्ष, राजकुमारी मराबी को उपाध्यक्ष तथा हेमंती सिंह सिरसो को पदाधिकारी के रूप में मनोनीत किया गया। महिला नेतृत्व की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई गई।
40 गांवों के सैकड़ों प्रतिनिधियों की ऐतिहासिक सहभागिता
गोंड महासभा की इस बैठक में प्रेमनगर ब्लॉक के लगभग 40 गांवों से आए समाज प्रतिनिधि सैकड़ों की संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एकमत होकर नई ब्लॉक कार्यकारिणी के गठन में भाग लिया। नव नियुक्त पदाधिकारियों को वरिष्ठ समाज प्रमुखों द्वारा हल्दी-अक्षत का तिलक लगाकर एवं पिला पगड़ी बांधकर पारंपरिक सम्मान प्रदान किया गया।

ब्लॉक सम्मेलन और शपथ ग्रहण कार्यक्रम का लिया गया निर्णय
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रेमनगर ब्लॉक में शीघ्र ही सेक्टर पदाधिकारियों की नियुक्ति के पश्चात ग्राम समितियों का गठन किया जाएगा तथा भव्य ब्लॉक स्तरीय गोंड समाज सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
समाज के वरिष्ठ जनों और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विजय सिंह मरपच्ची, युवा प्रभाग जिला अध्यक्ष क्षितिज कुमार उइके, जिला उपाध्यक्ष संतोष पावले, कोषाध्यक्ष सुरेश सिंह उइके, युवा प्रभाग ब्लॉक अध्यक्ष ज्योतिष सिंह टेकाम, उपाध्यक्ष डीसी प्रसाद सोरी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जगते, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रभुनारायण श्याम सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, युवा, महिलाएं एवं ग्राम प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
गोंड समाज को संगठित करने की दिशा में मजबूत कदम
प्रेमनगर में सम्पन्न यह बैठक गोंड समाज के संगठनात्मक विस्तार, सामाजिक एकता और भावी संघर्षों के लिए एक मजबूत आधार साबित होगी। नई कार्यकारिणी से समाज के विकास, अधिकारों की रक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण को नई दिशा मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।

