Tuesday, January 13, 2026
Homeछत्तीसगढ़मद्य निषेध दिवस 18 दिसम्बर: पूरे जिले में नशामुक्ति का जनआंदोलन: प्रशासन...

मद्य निषेध दिवस 18 दिसम्बर: पूरे जिले में नशामुक्ति का जनआंदोलन: प्रशासन ने बनाई व्यापक कार्ययोजना

एमसीबी, छत्तीसगढ़। बाबा गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर इस वर्ष 18 दिसम्बर को जिला प्रशासन मद्य निषेध दिवस को एक विराट जनआंदोलन का स्वरूप देने जा रहा है। समाज को नशे के दुष्चक्र से बाहर निकालने के उद्देश्य से प्रशासन ने सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों, जनपद एवं ग्राम पंचायतों को समन्वित रूप से अभियान में जुड़ने के निर्देश जारी किए हैं। जिले के हर गाँव, हर वार्ड, हर विद्यालय और हर महाविद्यालय में नशामुक्ति की अलख जगाने हेतु प्रेरक गतिविधियाँ आयोजित होंगी। ग्राम पंचायतों में गठित भारत माता वाहिनी द्वारा विशेष जागरूकता रैलियां और संवाद कार्यक्रम चलाए जाएंगे। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जनमानस को नशे से होने वाले शारीरिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान से अवगत कराने हेतु शपथ कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।

नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने जिलेभर में रेडियो एवं दूरदर्शन पर विशेष कार्यक्रम प्रसारित किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा नशा पीड़ित व्यक्तियों से सीधा संवाद कर उन्हें सुधार और पुनर्वास के मार्ग से परिचित कराया जाएगा। साथ ही नशामुक्ति संबंधित साहित्य, सोशल मीडिया पर प्रभावी स्लोगन, पोस्टर और वीडियो के माध्यम से अभियान को व्यापक जनसमर्थन देने की रणनीति बनाई गई है। विद्यालयों में वाद-विवाद, रैली, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवा पीढ़ी को नशे के विरुद्ध जागरूक और संकल्पित किया जाएगा। एड्स एवं नशा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष प्रचार-प्रसार कर जोखिम ग्रस्त समुदायों को सही जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। स्थानीय संस्कृति और परंपरागत शैली में भी गतिविधियां आयोजित होंगी ताकि जनभागीदारी अधिकतम हो।

सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि गतिविधियों का संक्षिप्त प्रतिवेदन एवं फोटोग्राफ जिला समाज कल्याण कार्यालय, कोरिया को अनिवार्य रूप से प्रेषित करें। प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि इस वर्ष का मद्य निषेध दिवस नशा मुक्त भारत अभियान को नई गति देगा और समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत आधारशिला रखेगा।

RELATED ARTICLES

विज्ञापन

- Advertisment -

देश

Recent Comments