एमसीबी, छत्तीसगढ़। संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा वर्ष 2025-26 के युवा उत्सव के सफल आयोजन हेतु दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। राज्य के युवाओं को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्रदान करने उद्देश्य से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जिला एवं राज्य स्तर पर युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। जारी निर्देशों के अनुसार, संचालनालय के पत्र क्रमांक 69 दिनांक 09 अप्रैल 2025 द्वारा प्रति विकासखण्ड 35,000 रुपए और प्रति जिला 1,75,000 रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। इस वर्ष जिला एवं राज्य स्तरीय युवा उत्सव आयोजित होना है, इसलिए विकासखण्ड स्तरीय महोत्सव हेतु आबंटित बजट का उपयोग जिला स्तरीय उत्सव में तथा राज्य स्तरीय आयोजन हेतु प्रतिभागियों के यात्रा व्यय में किया जाएगा।
मुख्य दिशा-निर्देश
जिला स्तरीय आयोजन जिला मुख्यालय में होगा, जिसके प्रभारी जिला कलेक्टर तथा नोडल अधिकारी जिला खेल विभाग के अधिकारी होंगे। जिला स्तरीय विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेंगे। प्रतिभागियों का My Bharat पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा, साथ ही आयोजन के फोटो/वीडियो पोर्टल में अपलोड किए जाएंगे। आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे अधिकतर युवा शामिल हो सकें। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय प्रभावी व्यक्तियों एवं सम्मानीय नागरिकों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाए। एक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में भाग ले सकेगा। प्रत्येक विधा में विजेता प्रतिभागियों के चयन हेतु कम से कम तीन विशेषज्ञ निर्णायक नियुक्त किए जाएंगे।
जिला स्तरीय विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी
इसके अलावा भारत सरकार द्वारा निर्धारित विधाओं-लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, वाद-विवाद एवं कविता लेखन में चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा उत्सव में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2026, नई दिल्ली में किया जाएगा। संचालनालय ने जिला स्तर के आयोजन हेतु विस्तृत निर्देश भी जारी किए हैं और जिलों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

