एमसीबी, छत्तीसगढ़! कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित “आदि कर्मयोगी अभियान” पर ट्रेनर द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने कहा कि “यह अभियान सेवा, समर्पण और संकल्प के माध्यम से ही पूरा किया जा सकता है। इसमें कर्मयोगी, सहयोगी और साथी की अहम भूमिका है। तीनों मिलकर अभियान को सफल बनाएंगे।”राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में अभियान – आदि कर्मयोगी अभियान एक विकेन्द्रीकृत आदिवासी नेतृत्व और शासन पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण हेतु राष्ट्रीय आंदोलन है। जनजातीय कार्य मंत्रालय के नेतृत्व में, यह अभियान क्षमता निर्माण, अभिसरण और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से देश के 550 आदिवासी बहुल जिलों के 1 लाख गाँवों के 20 लाख आदिवासी परिवर्तनकर्ताओं को सशक्त बनाने का लक्ष्य रखता है।
अभियान के तीन स्तंभ – कर्मयोगी, सहयोगी और साथी
आदि कर्मयोगी – सरकारी अधिकारी (आईएएस, आईपीएस, बीडीओ, कलेक्टर आदि) जो योजनाओं के अभिसरण और उत्तरदायी वितरण को सुनिश्चित करेंगे।
आदि सहयोगी – युवा, शिक्षक, डॉक्टर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आदि, जो शिक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता से जोड़ेंगे।
आदि साथी – स्वयं सहायता समूह, आदिवासी बुजुर्ग, सामुदायिक नेता व ग्रामीण, जो परंपराओं और स्थानीय ज्ञान को संरक्षित कर सामुदायिक सूत्रधार की भूमिका निभाएँगे।
अभियान के प्रमुख उद्देश्य
- 20 लाख जनजातीय नेताओं का प्रशिक्षण और संगठन
- 1 लाख आदि सेवा केंद्रों की स्थापना (एकल खिड़की सेवा केंद्र)
- ग्राम विजन 2030 योजना और विकास कार्य योजना का क्रियान्वयन
- अंतिम-मील अभिसरण और प्रभावी सेवा वितरण को बढ़ावा देना
- जनजातीय समुदायों की आवाज़ को सशक्त बनाना
डिजिटल पोर्टल – अभियान की रीढ़
- आदि कर्मयोगी पोर्टल को अभियान की डिजिटल रीढ़ के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसकी मुख्य सुविधाएँ हैं
- वास्तविक समय पंजीकरण और डैशबोर्ड
- नेतृत्व विकास हेतु प्रशिक्षण मॉड्यूल
विलेज विज़निंग टेम्पलेट
- ग्राम विकास ब्लूप्रिंट अपलोड व मॉनिटरिंग
- नजदीकी सेवाओं की जानकारी देने वाले आदि सेवा केंद्र
- परिवर्तनकारी कहानियाँ साझा करने का मंच
- पारदर्शी शासन के लिए फीडबैक, निगरानी और शिकायत निवारण प्रणाली
कौन कर सकता है पंजीकरण
- आदि कर्मयोगी आईएएस, आईपीएस, आईएफएस, बीडीओ, जिला कलेक्टर, सरकारी अधिकारी
- आदि सहयोगी-युवा, शिक्षक, डॉक्टर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता
- आदि साथी-स्वयं सहायता समूह, आदिवासी बुजुर्ग, सामुदायिक नेता और ग्रामीण