बैकुंठपुर कोरिया: कोया पुनेम गोंडवाना महासभा छत्तीसगढ़ ने आज एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए अपने पदाधिकारियों पर सीआर (गोपनीय चरित्रावली) लागू करने का निर्णय लिया। यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष राय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित एक गूगल मीट ऑनलाइन वेबिनार में लिया गया। वेबिनार के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष कोयतुर मनोज सिंह कमरो थे, जबकि राष्ट्रीय सचिव विद्यासागर सिंह श्याम और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष इंजीनियर क्षितिज सिंह पोया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि तिरु कमरो ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन के लक्ष्यों, कार्यों और उनकी प्राप्ति के लिए किए गए प्रयासों की नियमित समीक्षा आवश्यक है। इससे हमें अपने प्रयासों की वास्तविक स्थिति का पता चलेगा और आवश्यकतानुसार समाज हित में बदलाव किए जा सकेंगे। उन्होंने युवा पीढ़ी को नशे के प्रति जागरूक करने और नशामुक्ति के लिए समाज में एक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
तिरु कमरो ने कहा कि महासभा के सभी पदाधिकारियों के लिए अपनी जिम्मेदारी और जवाबदेही को सुनिश्चित करने के लिए सीआर व्यवस्था लागू की जा रही है। इससे पदाधिकारी अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहकर समाज हित में कार्य कर सकेंगे। अब छत्तीसगढ़ में ग्राम स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक सभी पदाधिकारियों के लिए सीआर अनिवार्य रूप से लागू कर दी गई है।
इस अवसर पर प्रदेश इकाई के कोषाध्यक्ष अजित प्रताप सिंह श्याम, कोरिया जिला अध्यक्ष रमेश सिंह टेकाम, कोरिया जिला सह सचिव रपिंद्र सिंह कमरो, भरतपुर ब्लॉक अध्यक्ष शंकर सिंह नेटी, मनेश आंचला ब्लॉक अध्यक्ष अंतागढ़ (कांकेर) सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता वेबिनार में जुड़े थे।